देहरादून। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। कैंट थाने में मंत्री की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल ने बताया कि जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, हत्या का षड्यंत्र, मारपीट और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
मंत्री ने बताया कि 2004 में बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू से विवाह हुआ था। वह पहले से शादीशुदा थे और पहली शादी से बच्चे भी हैं, लेकिन यह बात छिपाई गई। जब सच पता चला तब तक उनके भी बच्चे हो चुके थे। लोकलाज के कारण वह चुप रहीं। आरोप है कि साहू ने जाति भी छिपाई। मंत्री अनुसूचित जाति से हैं जबकि साहू दूसरी जाति के हैं। कुछ समय से साहू का व्यवहार बदल गया और दूसरी महिलाओं से संबंध बनाए। विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्द कहे। मंत्री ने आरोप लगाया कि साहू कई बार उनके सरकारी आवास पर आया और आपत्तिजनक शब्द कहे।
आरोप है कि साहू ने दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया, जबकि उन्होंने कभी त्यागपत्र नहीं दिया। मंत्री ने एक ऑडियो भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें साहू एक महिला के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहा है। फेसबुक पर पोस्ट वीडियो में मंत्री फफक-फफक कर रो रही हैं और पति की ऑडियो क्लिप भी पोस्ट की हैं। यह पोस्ट वायरल हो रही है। देर शाम तबीयत खराब होने पर मंत्री को कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉ. गीता खन्ना ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत थी, ईसीजी में मामूली दिक्कत आई है। फिलहाल हालत स्थिर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
