मां के साथ सड़क पार कर रहा था शावक
हल्द्वानी। रामपुर रोड पार कर जंगल में जा रहे बाघ के सात महीने के शावक को अज्ञात वाहन ने मंगलवार रात टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर टांडा रेंज की टीम घटनास्थल ओर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। वन विभाग की ओर से अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।
रामपुर रोड संजय वन के पास मंगलवार रात बाघ का शावक अपनी मां के साथ सड़क पार कर रहा था। तेज रफ्तार वाहन शावक को टक्कर मारकर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर टांडा रेंज से रेंजर आरएन गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेंजर गौतम ने बताया कि शावक को टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है। नर शावक की उम्र छह महीने से एक साल के बीच की है। बुधवार को शावक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में केस दर्ज कर उसको चिन्हित करने की कार्यवाही की जाएगी।