पांच साल में बढ़ाया जाता है यूजर चार्ज, 10 से 15 रुपये बढ़ाने की तैयारी
हल्द्वानी। नगर निगम की सफाई व्यवस्था के हाल खराब हैं। नगर निगम में शामिल नए क्षेत्र के वार्डों में दो दिन छोड़कर तीसरे दिन कूड़ा वाहन घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए आता है।
अब नगर निगम यूजर चार्ज बढ़ाने जा रहा है। आगामी बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव आ सकता है। निगम के अधिकारियों ने इसकी तैयारी कर ली है। निगम सूत्रों के अनुसार 10 से 15 रुपये तक यूजर चार्ज बढ़ सकता है। उधर पार्षद इसका विरोध कर सकते हैं।
नगर निगम पांच साल पूरे होने पर यूजर चार्ज की बढ़ोत्तरी करता है। पांच साल बाद 10 से 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करने का प्रावधान है। निगम सूत्रों के अनुसार निगम 10 से 15 प्रतिशत बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव होली के बाद होने जा रही बोर्ड बैठक में रख सकता है। इसकी तैयारी निगम ने पूरी कर ली है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि वर्तमान में प्रति घर से कूड़ा कलेक्शन के रूप में 60 रुपया यूजर चार्ज लिया जाता है। निगम बैंणी सेना के माध्यम से इसकी वसूली करता है। अभी निगम को करीब 35 लाख रुपये की आय होती है। दस फीसदी की वृद्धि होने पर करीब पांच लाख रुपये की आय बढ़ेगी।