परिवहन निगम ने ड्राइवर, कंडक्टर व अन्य कार्मिकों के लिए जारी की प्रोत्साहन योजना

खबर शेयर करें

देहरादून। होली के दौरान यात्रियों को बसों की किल्लत न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना जारी की है। लगातार 10 या 11 दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर, कंडक्टर और अन्य कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने मंगलवार को आदेश जारी कर दिया। यह योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक प्रभावी रहेगी। लगातार 10 दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर-कंडक्टर को 1250 रुपये तथा 11 दिन लगातार ड्यूटी करने वालों को 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा होली के दिन ड्यूटी करने वालों को अतिरिक्त 300 रुपये और 90 प्रतिशत से अधिक लोड फैक्टर पर 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

डिपो कार्यशाला के तकनीकी कार्मिकों, लिपिकों, कैशियर, स्टोर कीपर सहित अन्य कर्मचारियों को एक अवकाश लेकर 10 दिन कार्य करने पर 1000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस अवधि में पड़ने वाला अवकाश योजना समाप्ति के बाद दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  बद्रीनाथ, माणा और औली में विकास कार्यों का जायजा, सचिव पर्यटन ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश