अल्मोड़ा। जिला कारागार में एक दोषसिद्ध बंदी के बैरक से स्मार्ट वॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है। यह सामान शौचालय की सीट के अंदर छिपाया गया था।
जेल अधीक्षक जयंत पांगती ने बताया कि बंदी प्रवीण वाल्मीकि के बैरक की तलाशी के दौरान शौचालय की सीट के अंदर से स्मार्ट वॉच, चार्जर, डाटा केबल और दो पतले तार मिले। यह कार्रवाई तब की गई जब प्रवीण हरिद्वार की अदालत में पेशी के लिए गया था। उस पर गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जेल अधीक्षक ने बंदी के खिलाफ कारागार अधिनियम की धारा 42 के तहत अल्मोड़ा कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रवीण वाल्मीकि कुख्यात सुनील राठी गैंग का पूर्व सदस्य रह चुका है और हत्या, रंगदारी जैसे मामलों में संलिप्त पाया गया है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि जेल में निषिद्ध वस्तुएं कैसे पहुंचीं, इसकी जांच की जा रही है। संबंधित सभी पक्षों के बयान लेकर मामले की छानबीन की जाएगी।
