हल्द्वानी। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक ऑडियो ने हड़कंप मचा दिया है। यह ऑडियो कथित तौर पर एक संभाग स्तर के अधिकारी और एक बिचौलिए के बीच हुई बातचीत का है, जिसमें अधिकारी एक सील राशन दुकान को फिर से खुलवाने के लिए 5 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
यह ऑडियो काशीपुर के बनवारी लाल नामक व्यक्ति की राशन दुकान से जुड़ा बताया जा रहा है, जो लंबे समय से सील पड़ी है। हालांकि, फुटप्रिंट न्यूज़ ने इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
ऑडियो में क्या है?
वायरल ऑडियो में एक बिचौलिया और अधिकारी के बीच बातचीत साफ सुनाई दे रही है। बिचौलिया काशीपुर के बनवारी लाल की राशन दुकान को खुलवाने की बात करता है, जबकि अधिकारी इसके बदले मोटी रकम की मांग करता है। बातचीत का लब्बोलुआब इस प्रकार है:
बिचौलिया: जय हिंद, सर। आपकी कृपा है। मैं काशीपुर में हूं। बनवारी लाल का काम करवा दीजिए।
अधिकारी: जय हिंद। बनवारी लाल का? तू पहले दिवाली ले आ।
बिचौलिया: सर, मैं सोमवार को आता हूं।
अधिकारी: कल आ जा। बनवारी को बोल दे, दिवाली ले आए।
बिचौलिया: सर, काम करवा दीजिए, दिवाली करवा दूंगा।
अधिकारी: जब दिवाली लेगा, तभी काम होगा।
बिचौलिया: कितने बोलते हैं, सर?
अधिकारी: 5।
बिचौलिया: 5 हजार?
अधिकारी: नहीं बेटा, 5 लाख।
बिचौलिया: इतने तो उसके बाप की प्रॉपर्टी में भी नहीं होंगे!
अधिकारी: क्यों नहीं है?
यह मामला न केवल उधम सिंह नगर बल्कि पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों की नजरें अब प्रशासन और जांच एजेंसियों पर टिकी हैं। क्या इस ऑडियो के आधार पर कोई कार्रवाई होगी, या यह मामला भी दब जाएगा? यह सवाल हर किसी के मन में है।
नोट: फुटप्रिंट न्यूज़ इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। हमारी टीम इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अपडेट साझा करेगी।