हल्द्वानी। शनिवार को हल्द्वानी में आयोजित तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा के दौरान लालकुआं तहसील के राजस्व उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद की करीब 15 लाख रुपये की कान की मशीन खो गई। वीरेंद्र के अनुसार, यह मशीन उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से विदेश से मंगवाकर लगवाई थी। मशीन गुम होने के बाद देर शाम तक तलाश की गई, लेकिन इसका पता नहीं चला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में स्कूली बच्चे, महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए। वीरेंद्र चंद लालकुआं तहसील से ड्यूटी पर आए थे और यात्रा की शुरुआत में स्कूली बच्चों व शिक्षकों को लंच पैकेट बांट रहे थे। इसी दौरान उनके कान में लगी मशीन कहीं गिर गई।
लालकुआं तहसील के कई कर्मचारियों ने वीरेंद्र के साथ मिलकर मशीन की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।वीरेंद्र ने बताया कि वे 2018 में राजस्व उप निरीक्षक बने थे। नौकरी के दो महीने बाद एक दुर्घटना में उनके दोनों कान क्षतिग्रस्त हो गए। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज के दौरान विदेश से 15 लाख रुपये की लागत से यह मशीन मंगवाई गई थी। उनके पिता ने कर्ज लेकर अस्पताल का खर्च चुकाया। इस मशीन की मदद से वे सुनने और बात समझने में सक्षम थे। उन्होंने कहा कि मशीन ढूंढकर लाने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा।