देहरादून। उत्तराखंड में इस साल 30 अप्रैल से चार धाम यात्रा की शुरुआत हो रही है। यात्रा के सफल संचालन के लिए तैयारी भी अभी से शुरू हो गई है। यात्रियों को आने-जाने में दिक्कत ना हो इसके लिए केदारनाथ धाम की तर्ज पर यमुनोत्री धाम में भी हेली सेवा शुरू करने पर विचार चल रहा है। इसके लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
दो बार हो चुका हेलीकॉप्टर का ट्रायल
उत्तराखंड नागरिक उन्नयन विकास प्राधिकरण ने यमुनोत्री धाम के पास एक हेलीपैड तैयार किया है। इस हेलीपैड पर दो बार हेलीकॉप्टर लैंडिंग का ट्रायल भी किया जा चुका है। सब कुछ ठीक रहा तो इसी साल यमुनोत्री धाम के लिए हेली सेवा शुरू कर दी जाएगी।