बागेश्वर। जिले में एक पालतू डॉगी की वफादारी सामने आई है। काफोली गांव में तेंदुए के बच्चे ने एक घर की रसोई में घुसकर महिला और उसकी बेटी पर हमला कर दिया। यह देखकर पालतू डॉगी जूली अपने मालिकों को बचाने के लिए कूद पड़ा और तेंदुए को बुरी तरह काटने लगा। जूली ने तेंदुए से लगभग 20 मिनट तक लड़ाई की और मां-बेटी की जान बचा ली। तेंदुए का बच्चा छह महीने का बताया जा रहा है।यह लड़ाई तब खत्म हुई जब घायल तेंदुए का बच्चा रसोई के दरवाजे के बाहर रखे भारी लोहे के चूल्हे से टकरा गया। टकराने के बाद तेंदुआ स्टैंड के बीच फंस गया।
तेंदुए का बच्चा सोमवार रात करीब 8 बजे त्रिलोक चंद्र पांडे के घर में घुस गया। उनकी पत्नी कमला देवी (45) और बेटी विजया (15) रसोई में थे। तेंदुए का बच्चे को देखकर कमला ने बेटी विजया को पीछे धकेल दिया। भागने के प्रयास में मां और बेटी जमीन पर गिर गए जिससे उनको चोटें आईं। कमला के दोनों जबड़ों में फ्रैक्चर हुआ, जबकि विजया को मामूली चोटें आईं। वन रेंजर श्याम सिंह करायत ने बताया कि तेंदुए के बच्चे के शरीर में कुत्ते के काटे के कई निशान हैं।