पुलिस जांच में जुटी
हल्दूचौड़। बमेटा बंगर खीमा सरदार बस्ती के पास चोरों ने दिन दहाड़े एक घर का ताला तोड़कर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। बेखौफ चोरों ने इस घटना को मात्र दो घंटे में अंजाम दिया।
सीफा कॉलोनी निकट सरदार बस्ती के पास देवेंद्र जोशी का परिवार रहता है। यहां घर में देवेंद्र जोशी की पत्नी गीता जोशी और उनकी दो बेटी रहती हैं। उनका मायका बमेटा बंगर खीमा दूध डेयरी के पास है। बुधवार दिन 11:30 बजे में गीता जोशी अपनी दो बेटियों के साथ अपने मायके गई थी। दो बजे जब वह वापस लौटी तो घर के दरवाजे का ताला टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था।
जब कमरे में गई तो अलमारी टूटी हुई थी। अलमारी से चार तोला सोने और चांदी के आभूषण गायब थे। उन्होंने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है। हल्दूचौड़ क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े चोरी से लोगों में भय व्याप्त है।