हरिद्वार। सहायक आयुक्त राज्य कर खंड तीन कार्यालय में तैनात जीएसटी बाबू को विजिलेंस ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रमोद सेमवाल उपनल के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात था।
हरिद्वार निवासी एक कारोबारी ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि उनकी बंद हो चुकी फर्म हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री पर करीब 1.76 लाख रुपये वैट बकाया था। इसे खत्म करने के लिए सेमवाल ने 1.20 लाख रुपये रिश्वत मांगी और किश्तों में देने को कहा। पहली किस्त के 20 हजार रुपये मंगलवार को लेते हुए उसे विजिलेंस ने कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ने आरोपी के कनखल स्थित घर पर भी तलाशी ली। उसे बुधवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा। डायरेक्टर विजिलेंस डॉ. वी मुरुगेशन ने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में दो कार्रवाइयां की गईं, जहां एक एएसआई भी रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया।
