नैनीताल: मल्लीताल खेल मैदान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और अधिशासी अधिकारी (ईओ) रोहिताश शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हो गया।
सभासदों के साथ खेल मैदान पर बैठक के दौरान पालिकाध्यक्ष ने विधिक राय के लिए हस्ताक्षर मांगे, लेकिन ईओ द्वितीय विनोद जीना और रोहिताश शर्मा ने इनकार कर दिया। शर्मा ने कहा कि खेल मैदान पर तत्कालीन प्रशासक के साथ अनुबंध हुआ है और शासन व मुख्यमंत्री की मंशा से वहां वृहद विकास प्रस्तावित है।
इस पर पालिकाध्यक्ष ने उन्हें हद में रहने को कहा, जिसके बाद शर्मा गुस्से में कक्ष छोड़कर चले गए।
कर्मचारियों का धरना और कार्य बहिष्कार की चेतावनी: उसी दिन शाम 4 बजे देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ और निकाय कर्मचारियों ने पालिकाध्यक्ष के कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। कई कक्षों में तालाबंदी भी की गई। कर्मचारियों ने ग्रेच्युटी, पेंशन एरियर, अर्जित अवकाश, चिकित्सा बिल और बरसाती की मांग उठाई। संघ के अध्यक्ष त्रिलोचन टांक और महासचिव सोनू सहदेव ने बताया कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने 28 जून को दोपहर 2 बजे से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
ईओ का अवकाश आवेदन खारिज: घटना के बाद रोहिताश शर्मा ने स्वास्थ्य कारणों से 13 दिन के अवकाश के लिए आवेदन दिया, लेकिन पालिकाध्यक्ष ने ग्रीष्मकाल और कार्य बहिष्कार की चेतावनी का हवाला देकर इसे अस्वीकार कर दिया।
डॉ. खेतवाल ने कहा कि ईओ का बातचीत का ढंग ठीक नहीं था, जबकि शर्मा ने दावा किया कि उन्होंने प्रशासनिक मर्यादा के तहत अपनी बात रखी। इस विवाद ने नगर पालिका में तनाव बढ़ा दिया है।