रुद्रपुर। सरस मेले से घर लौट रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उसके देवर की संलिप्तता पाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि देवर की शह पर ही वारदात को अंजाम दिया गया। तीन अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
सोमवार को पीड़िता ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि रविवार रात वह देवर के साथ सरस मेला देखने गई थी। वापसी में देवर के दोस्तों ने किच्छा बाईपास होकर चलने का दबाव डाला। बीएचईएल कंपनी के पीछे सुनसान सड़क पर दोनों दोस्तों ने तमंचे और चाकू के बल पर उससे दुष्कर्म किया। आरोपियों ने एक अन्य युवक को भी बुलाया, लेकिन वह वारदात को अंजाम दिए बिना चला गया।
पुलिस ने देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी संलिप्तता सामने आई। आरोपी राजा निवासी खेड़ा बस्ती और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
