हरिद्वार। कनखल क्षेत्र के पंजनहेड़ी में भूमि पैमाइश के दौरान भाजपा नेताओं के दो गुटों के बीच खूनी झड़प हो गई, जिसमें एक नेता ने गोली चलाकर दो व्यक्तियों को घायल कर दिया। घटना में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान (पेट में) और उनके रिश्तेदार किशन पाल (हाथ में) गोली लगने से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
मामला भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व महामंत्री अतुल चौहान और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के बीच जमीन को लेकर चले आ रहे विवाद से जुड़ा है। अतुल चौहान ने अमित चौहान पर सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी, जिस पर बुधवार सुबह प्रशासन की टीम पैमाइश के लिए पहुंची थी।
पैमाइश के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और हाथापाई शुरू हो गई। अतुल चौहान ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गोली चला दी। घटना के बाद अतुल चौहान ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्होंने आत्मरक्षा में गोली चलाई, क्योंकि विपक्षी गुट ने उन पर जानलेवा हमला किया था। बाद में उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से चार खोखे बरामद किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
