यूपी के सहारनपुर में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। शनिवार दोपहर यहां भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष योगेश रोहिला ने पत्नी और 3 बच्चों को गोली मार दी।
इसमें 11 साल की बेटी श्रद्धा और बेटे शिवांश उर्फ शिवा (4) की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी नेहा (31) और एक बेटे देवांश (6) की हालत गंभीर है। ग्रामीणों ने आरोपी योगेश रोहिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वारदात गंगोह कस्बे की है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच भाजपा नेता ने लाइसेंसी पिस्टल से वारदात को अंजाम दिया। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़कर उसके घर पर पहुंचे। अंदर की सीन देखकर लोग कांप गए। पत्नी और 3 बच्चे खून से लथपथ पड़े थे। पास में ही भाजपा नेता खड़ा था।
उसने भागने की कोशिश की, तो भीड़ ने उनको दौड़ाकर पकड़ लिया। अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि भाजपा नेता ने पत्नी के अवैध संबंधों के शक में यह हत्याकांड किया है।आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। तुरंत चारों लोगों को अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने 2 को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने भाजपा नेता को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
एसएसपी रोहित सिंह साजवान ने बताया कि घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। वहीं, गांव के लोगों को इस पर यकीन ही नहीं हो रहा कि भाजपा नेता ने इतनी खौफनाक हरकत कैसे कर दी? पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है।