नैनीताल। 31 दिसंबर और नववर्ष के मौके पर नैनीताल समेत भीमताल और कैंचीधाम में बाहरी दोपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नैनीताल एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पर्यटकों के बढ़ने की उम्मीद को देखते हुए यातायात प्लान बनाया गया है। नैनीताल के पार्किंग स्थल भरने पर वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर ही पार्क कराकर शटल सेवा से शहर तक पहुंचाया जाएगा।
प्रमुख व्यवस्थाएं:
- मैदानी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को अलग-अलग मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
- हल्द्वानी से आने वाले वाहन रूसी दो और कालाढूंगी रोड से आने वाले रूसी एक पार्किंग में पार्क होंगे।
- भवाली से आने वाले वाहन ज्योलीकोट होते हुए रूसी में पार्क कराए जाएंगे।
- अत्यधिक दबाव की स्थिति में बाजपुर-रामपुर से आने वाले वाहन राइंका कालाढूंगी मैदान में, जबकि बरेली-रामपुर से आने वाले वाहन एचएमटी रानीबाग व आईएसबीटी गौलापार में पार्क होंगे।
- भीमताल से कैंचीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन विकास भवन, नगर पालिका पार्किंग और रामलीला मैदान में पार्क कराए जाएंगे।
- नैनीताल व ज्योलीकोट से कैंचीधाम जाने वाले वाहन सैनिटोरियम, नैनीबैंड में पार्क होंगे।
सुरक्षा व निगरानी:
नववर्ष समारोह को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। होटलों व रेस्टोरेंट्स को सीसीटीवी दुरुस्त करने तथा आने वाले पर्यटकों का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। बार व डीजे पार्टी आयोजित करने वालों को निजी सुरक्षा कर्मी रखने को कहा गया है।
आबकारी निगरानी:
आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि क्रिसमस से अब तक 150 होटलों व रिजॉर्ट ने शराब परोसने के लिए अस्थायी लाइसेंस लिया है। बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
