चमोली: चमोली जिले के थराली क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशोरी ने रुद्रप्रयाग के एक अस्पताल में 4 जून 2025 की रात एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद इस मामले का खुलासा हुआ। किशोरी की तहरीर पर थराली पुलिस ने बागेश्वर निवासी आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने बागेश्वर में दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थराली क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसकी मां उसे रुद्रप्रयाग के अस्पताल ले गई, जहां 4 जून की रात किशोरी ने एक बेटी को जन्म दिया। किशोरी ने 7 जून को थाना थराली में तहरीर देकर बताया कि बागेश्वर जिले का एक युवक, जो थराली क्षेत्र में टैक्सी चलाता था, ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जिस कारण वह गर्भवती हो गई।
थानाध्यक्ष थराली पंकज कुमार ने बताया कि किशोरी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बागेश्वर का रहने वाला है और वर्तमान में फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम बागेश्वर रवाना की गई है।
17 वर्षीय किशोरी ने दिया बेटी को जन्म, बागेश्वर के युवक पर दुष्कर्म का आरोप, पोक्सो में मामला दर्ज
